सोमवती अमावस्या पर महिलाओं ने किया पीपल वृक्ष का पूजन, पति की लंबी आयु की मांगी कामना
सारण (बिहार): मांझी प्रखंड के ताजपुर पंचायत भवन परिसर में सोमवार को सोमवती अमावस्या के अवसर पर सौभाग्यवती महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ पीपल वृक्ष की परिक्रमा एवं पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए विधिवत पूजन किया। पूजा के दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर पंडित धनंजय दुबे ने महिलाओं को सोमवती अमावस्या व पीपल पूजन की धार्मिक महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पद्म पुराण में वर्णित साहूकार की पुत्री की अखंड श्रद्धा-भक्ति तथा सोना नमक धोबिन द्वारा दिए गए सौभाग्य और स्नेह की कथा सुनाते हुए बताया कि सच्ची श्रद्धा और भक्ति से पति के जीवन की रक्षा एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना पूरी होती है।
पंडित धनंजय दुबे ने कहा कि पीपल वृक्ष केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह वृक्ष निरंतर ऑक्सीजन प्रदान करता है और समस्त जीव-जंतुओं के जीवन के लिए उपयोगी माना जाता है। महिलाओं की आस्था और प्रकृति संरक्षण के प्रति उनकी श्रद्धा समाज के लिए प्रेरणादायक है।
पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा संपन्न की। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और आस्था का माहौल बना रहा।
Somvati Amavasya News, Pipal Puja, Tajpur News, Women Worship News, Hindu Rituals, Religious News Bihar, Pipal Tree Worship, Somvati Amavasya 2026

