जनता दरबार में 74 मामलों की सुनवाई, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले में सोमवार को आयोजित “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” कार्यक्रम में आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। जिलाधिकारी ने कुल 74 फरियादियों की शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। जनता दरबार में सबसे अधिक मामले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े रहे। जिला प्रशासन की पहल पर प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, ताकि लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
रिविलगंज के एक आवेदक ने न्यायालय के आदेश के बावजूद दखल दिहानी नहीं होने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी रिविलगंज को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं माँझी के एक व्यक्ति ने अपनी खरीदी गई जमीन पर चहारदीवारी निर्माण में बाधा पहुंचाने की शिकायत करते हुए जमीन की मापी कराने की मांग की। इस मामले में अंचलाधिकारी माँझी और दाउदपुर थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
मकेर के एक आवेदक ने पड़ोसी द्वारा रास्ते पर अतिक्रमण कर आवागमन बाधित करने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी मकेर को दोनों पक्षों की सुनवाई कर समाधान निकालने का निर्देश दिया। वहीं मढ़ौरा के एक वृद्ध दंपत्ति ने बहू द्वारा घर से निकालने और कमरे में ताला लगाने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए थाना प्रभारी को निर्देशित किया।
जनता दरबार में बनियापुर के एक आवेदक ने शिक्षा विभाग में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति संबंधी आवेदन लंबित रहने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विभागीय प्रावधानों के अनुरूप शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा अन्य मामलों में भी संबंधित अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
Saran DM News, Janta Darbar Saran, Chapra News, Land Dispute Saran, Manjhi News, Maker News, Bihar Administration News, Saran District Magistrate

