भव्य कलश यात्रा के साथ श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ, भक्तिमय हुआ मेहंदार क्षेत्र
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: सिसवन प्रखंड क्षेत्र के मेहंदार कमलदाह सरोवर के पूर्वी भिंडा स्थित श्री विष्णु मंदिर परिसर में मंगलवार को भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। महायज्ञ के प्रथम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं एवं कन्याओं ने हाथ और सिर पर कलश धारण कर प्रसिद्ध बाबा महेंद्रनाथ मंदिर मेहंदार की परिक्रमा की तथा मेहंदार की पावन भूमि का भ्रमण किया। वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखध्वनि और जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कलश यात्रा श्री विष्णु मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पवित्र कमलदाह सरोवर पहुंची, जहां वैदिक विधि-विधान के साथ जल भरकर कलश स्थापित किए गए। इसके उपरांत यज्ञ मंडप में पूजा-अर्चना एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ स्थल पर पहुंचकर भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी की आराधना की तथा क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
महायज्ञ के व्यवस्थापक एवं श्री विष्णु मंदिर के महंत श्री शिवपूजन जी महाराज, यजमान प्रो. जगदीश तिवारी, यज्ञाचार्य पंडित अजीत कुमार मिश्र, आचार्य आशुतोष कुमार पांडेय, पंडित आदित्य पाठक, पंडित संजीत कुमार मिश्र एवं अनमोल कुमार मिश्र ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन वेदपाठ, हवन, प्रवचन, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। वहीं प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक कथा व्यास श्री शिवपूजन जी महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा।
यज्ञाचार्य ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होता है तथा क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि का वातावरण बनता है। आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुदामा तिवारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश, पंडाल, पेयजल, प्रसाद वितरण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
कलश यात्रा में महंत श्री शिवपूजन जी महाराज, सुदामा तिवारी, कमलेश कुमार सिंह, प्रो. जगदीश तिवारी, टुनटुन गिरि, भुवनेश्वर महतो, पशुपति गिरि, सूर्यनंदन शाही, मंजीत कुमार तिवारी, कमल कुमार सिंह सेंगर, विमलेश कुमार सिंह, रमेश गिरि, गुराजी महतो, अनिरुद्ध यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आसपास के गांवों से आए महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। महायज्ञ के शुभारंभ के साथ पूरे मेहंदार क्षेत्र में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।
Mehandar Mahayagya, Lakshmi Narayan Mahayagya, Siswan News, Siwan Religious News, Kalash Yatra Mehandar, Vishnu Mandir Mehandar, Bhagwat Katha, Bihar Religious Event

