शिल्हौड़ी शिलानाथ मंदिर की सुरक्षा और विकास को लेकर प्रशासन गंभीर, बनेगा इंटीग्रेटेड मास्टर प्लान
सारण (बिहार) 16 जून 2026
ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के शिल्हौड़ी स्थित शिलानाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सुरक्षा ऑडिट एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वर्तमान व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में विशेष रूप से श्रावणी सोमवारी, महाशिवरात्रि तथा अन्य प्रमुख अवसरों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ के प्रबंधन पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिग-जैग बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों को अलग-अलग रखने, मंदिर परिसर एवं पहुंच मार्गों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा विशेष अवसरों पर निरंतर वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर तक आने वाले रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखने, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा शौचालय एवं मूत्रालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान कुछ कमियां भी चिन्हित की गईं। अधिकारियों ने पाया कि मंदिर परिसर के आसपास व्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। इस पर जिलाधिकारी ने विशेष अवसरों के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हित कर पार्किंग व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए वैकल्पिक निकास मार्ग की तलाश करने तथा तत्काल एवं स्थायी स्तर पर शौचालय निर्माण सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया गया।
मंदिर परिसर के समग्र विकास के लिए जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी मढ़ौरा, जो मंदिर विकास न्यास समिति की अध्यक्ष भी हैं, तथा मंदिर प्रबंधन समिति को मिलकर एकीकृत आवश्यकता आधारित योजना (इंटीग्रेटेड रिक्वायरमेंट बेस्ड प्लान) तैयार करने का निर्देश दिया। इस प्रस्ताव को बिहार सरकार के पर्यटन विभाग को भेजा जाएगा, ताकि शिलानाथ मंदिर परिसर का सुनियोजित एवं भव्य विकास किया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी मढ़ौरा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मढ़ौरा, प्रखंड विकास पदाधिकारी मढ़ौरा, अंचल अधिकारी मढ़ौरा तथा शिलानाथ मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
Shilhaudi Shilanath Temple, Saran News, Temple Security Audit, Crowd Management, Marhaura News, Bihar Tourism, Shilanath Mandir Development, DM Saran, SSP Saran

