15 हजार रुपये रिश्वत लेते निगरानी के हत्थे चढ़ा डाटा एंट्री ऑपरेटर, अंचल कार्यालय बेतिया में कार्रवाई
बेतिया/पटना, 16 जून 2026:
भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार को बड़ी सफलता मिली है। निगरानी की मुख्यालय टीम ने पश्चिम चम्पारण जिले के बेतिया अंचल कार्यालय में कार्रवाई करते हुए डाटा एंट्री ऑपरेटर राज कुमार मिश्र को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम चम्पारण जिले के बरवत पससाईन निवासी बालेश्वर कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी जमाबंदी का लॉक खोलने के एवज में अंचल कार्यालय में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर राज कुमार मिश्र द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत प्राप्त होने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर निगरानी थाना कांड संख्या-073/26, दिनांक 15 जून 2026 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मंगलवार को अंचल कार्यालय, बेतिया में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने परिवादी से 15 हजार रुपये रिश्वत के रूप में स्वीकार किए, निगरानी टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही मामले के विभिन्न पहलुओं की गहन जांच जारी है।
ब्यूरो ने कहा कि बिहार सरकार की शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) नीति के तहत भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कोई सरकारी कर्मी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना निगरानी विभाग को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।
Bettiah Vigilance Raid, Raj Kumar Mishra Arrested, Bribery Case Bihar, Vigilance Investigation Bureau Bihar, West Champaran News, Corruption Free Bihar, Bihar Vigilance News, Bettiah Circle Office, Bihar Corruption Case

