मुखिया धर्मेन्द्र कुमार सिंह ‘यशस्वी मुखिया सम्मान’ से सम्मानित, पंचायत में खुशी की लहर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: जलालपुर प्रखंड अंतर्गत कुमना पंचायत के मुखिया धर्मेन्द्र कुमार सिंह उर्फ डब्ल्यू सिंह को पटना में आयोजित एक भव्य समारोह में "यशस्वी मुखिया सम्मान" से सम्मानित किया गया। अल्ट्राटेक कंपनी के तत्वावधान में होटल ताज, पटना में आयोजित कार्यक्रम में बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार तथा सांसद मनोज तिवारी ने उन्हें प्रथम पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अपने क्षेत्र लौटे मुखिया धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने पंचायत की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि कुमना पंचायत के सभी लोगों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास और जनसेवा के लिए आगे भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।
मुखिया को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने की खबर से कुमना पंचायत सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पंचायतवासियों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। ग्रामीणों का कहना है कि मुखिया द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनहित के प्रयासों के कारण उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
सम्मान की खुशी में परिजनों एवं समर्थकों ने गांव में मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी। पंचायत के विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक संगठनों के लोगों ने भी मुखिया धर्मेन्द्र कुमार सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Kumna Panchayat, Dharmendra Kumar Singh, W Singh, Successful Mukhiya Award, Jalalpur News, Saran News, Vijay Kumar Chaudhary, Shravan Kumar, Manoj Tiwari, Panchayat Development

