शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने किया जिला स्तरीय एकता शिविर का उद्घाटन, युवाओं में सेवा और नेतृत्व की भावना विकसित करने का आह्वान
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: भारत स्काउट एवं गाइड, सारण के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय एकता शिविर-2026 का भव्य उद्घाटन मंगलवार को सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल (सीपीएस), चांदमारी रोड, छपरा में बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट एवं गाइड कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत वंदे मातरम् और स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद सीपीएस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. हरेंद्र सिंह ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अपने संबोधन में भारत स्काउट एवं गाइड संगठन की कार्यसंस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कैडेट्स से समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा सदैव मानव सेवा के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमन राज ने शिक्षा मंत्री से सरकारी विद्यालयों में स्काउट एवं गाइड गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। इस पर शिक्षा मंत्री ने हर संभव सहयोग और आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।
विशिष्ट अतिथि सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने स्काउट एवं गाइड कैडेट्स की अनुशासनप्रियता, सेवा भावना और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे संगठन युवाओं को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कैडेट्स के साथ-साथ उनके अभिभावकों के योगदान को भी सराहनीय बताया।
समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को शिक्षा मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। जिला स्तरीय इस पांच दिवसीय एकता शिविर में सारण जिले के 20 प्रखंडों से लगभग 500 स्काउट एवं गाइड प्रतिभागी शामिल हुए हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय सीपीएस के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय उप शिक्षा निदेशक राजदेव राम, जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण, सीपीएस के प्राचार्य मुरारी सिंह, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमन राज, अश्विनी परमार, प्रणव सिंह, सीपीएस कल्याणपुर की प्राचार्या अंजू सिंह, शिविर प्रधान प्रमोद सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अंत में जिला मुख्य आयुक्त हरेंद्र प्रसाद सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Chapra News, Unity Camp 2026, Bharat Scout Guide Saran, Mithilesh Tiwari, Janardan Singh Sigriwal, CPS Chapra, Scout Guide Camp, Saran Education News

