सारण: शारदीय (खरीफ) महोत्सव का आयोजन, किसानों को आधुनिक खेती की दी गई जानकारी
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: प्रखंड मुख्यालय स्थित ई किसान भवन सभागार में मंगलवार को शारदीय (खरीफ) महोत्सव एवं प्रशिक्षण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन आत्मा अध्यक्ष उमेश कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर उपस्थित किसानों का स्वागत जीवंत पौधा भेंट कर किया गया तथा उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने किसानों को खरीफ मौसम की विभिन्न फसलों की उन्नत खेती, उत्पादन बढ़ाने के उपाय तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर खेती करने की अपील की ताकि कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सके।
कृषि समन्वयक राजेश कुमार ने आधुनिक कृषि तकनीकों पर प्रकाश डालते हुए किसानों को नई तकनीक आधारित खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में कृषि क्षेत्र में तकनीकी ज्ञान का उपयोग किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान रासायनिक खेती के बढ़ते दुष्प्रभावों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने किसानों को बताया कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके विकल्प के रूप में जैविक खेती तथा संतुलित पोषक तत्वों के उपयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
आत्मा सारण के उप परियोजना निदेशक ने फसल चक्र और दलहनी फसलों के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इससे भूमि की उर्वरता बनी रहती है और कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होती है। उन्होंने किसानों से कृषि विविधीकरण को अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक राजकुमार चौरसिया, सहायक तकनीकी प्रबंधक जितेंद्र कुमार, मोहम्मद जमालुद्दीन अंसारी, राजेंद्र मौर्य, कृषि समन्वयक प्रभात मिश्रा, किसान सलाहकार अरुण कुमार सिंह, हरेराम पंडित, कामेश्वर मांझी, विकास कुमार सिंह, कार्यपालक सहायक मो. नसीम सहित कृषि विभाग के सभी कर्मी, आसपास के ग्रामीण किसान एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन: ई किसान भवन में आयोजित शारदीय (खरीफ) महोत्सव एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को संबोधित करते कृषि विभाग के अधिकारी।
Ekma Kharif Mahotsav, Kharif Training Program Saran, Modern Farming Bihar, E Kisan Bhawan Ekma, Agriculture Department Saran, Organic Farming Awareness, Farmers Training Camp

