पैक्स प्रबंधक से 5.60 लाख की लूट, विरोध करने पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला
सारण (बिहार): इसुआपुर थाना क्षेत्र के चहपुरा स्थित काली मंदिर के समीप एक पैक्स प्रबंधक से दिनदहाड़े 5 लाख 60 हजार रुपये की लूट एवं जानलेवा हमले की घटना सामने आई है। घटना सोमवार सुबह करीब 9:45 बजे की बताई जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सारण पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पीड़ित पैक्स प्रबंधक अपनी मोटरसाइकिल से डोईला स्थित राइस मिल जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और मोटरसाइकिल की चाबी निकालने का प्रयास किया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में पैक्स प्रबंधक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पीठ एवं बाएं हाथ पर चोटें आई हैं। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने मोटरसाइकिल की डिक्की में रखी करीब 5 लाख 60 हजार रुपये की नकदी लूट ली और अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इसुआपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। पीड़ित के फर्दबयान के आधार पर इसुआपुर थाना कांड संख्या 226/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सघन छापेमारी कर रही है तथा तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
सारण पुलिस ने कहा है कि इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं पर गहन अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से भी सहयोग की अपील की है। घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर निकटतम थाना अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031036406 पर तत्काल सूचना देने को कहा गया है।
Isuapur Loot Case, Saran Crime News, PACS Manager Looted, Chhapra Crime News, Isuapur Robbery, Saran Police Action, Bihar Crime Update, PACS Manager Attack

