शराब कारोबार और हथियार तस्करी से जुड़ा गिरोह बेनकाब, दो गिरफ्तार
सारण: चोरी की मोटरसाइकिल, हथियार और कारतूस के साथ दो गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध हथियार और कारतूस के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के दौरान यह सफलता मिली।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम नबीगंज बिनटोली में गणेश महतो और मिथुन कुमार चोरी की मोटरसाइकिल छिपाकर उसे खपाने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर रिविलगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को एक मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों वाहन से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद जांच में मोटरसाइकिल चोरी की निकली।
गिरफ्तार अभियुक्त गणेश महतो के मोबाइल की जांच में अवैध हथियारों और कारतूस से संबंधित वीडियो मिले। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करता है तथा दियारा क्षेत्र में शराब कारोबार को सुरक्षित रखने के लिए हथियारों का इस्तेमाल किया जाता है। उसने यह भी खुलासा किया कि 8 जून 2026 को जानटोला दियारा क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई के दौरान उसके साथियों ने पुलिस बल पर फायरिंग की थी।
गणेश महतो की निशानदेही पर पुलिस ने जानटोला दियारा क्षेत्र में छापेमारी कर मिट्टी में छिपाकर रखा गया एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किया। इस मामले में रिविलगंज थाना कांड संख्या-335/26 दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गणेश महतो, पिता गोरख महतो तथा मिथुन कुमार, पिता हरेन्द्र चौधरी, दोनों निवासी नबीगंज बिनटोली, थाना रिविलगंज, जिला सारण के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

