सारण पुलिस का बड़ा धमाका: बाइक चोरी कर पुर्जे-पुर्जे बेचने वाले 'काटने वाले गिरोह' का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण पुलिस को अपराधियों और चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। नगरा थाना पुलिस ने एक बेहद शातिर और संगठित मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सदस्यों सहित कुल 5 अभियुक्तों को दबोचा है, जो बाइक चोरी कर उसके पुर्जे-पुर्जे अलग करके कबाड़ी के भाव बेच दिया करते थे। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से 2 मोटरसाइकिल, 5 चोरी की बाइकों के चेसिस, कटे हुए पुर्जे और 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
यह पूरा मामला 9 जून 2026 का है, जब नगरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नगरा चौक पर कुछ अपराधी एक बार फिर बाइक चोरी की बड़ी योजना बना रहे हैं। इन अपराधियों ने पहले भी इसी इलाके से कई गाड़ियाँ उड़ाई थीं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगरा चौक पर घेराबंदी की। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए खदेड़कर पकड़ लिया। जब पुलिस ने उनसे गाड़ी के कागजात मांगे, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
पुलिस द्वारा सख्ती से की गई पूछताछ में चोरों ने घुटने टेक दिए और अपना गुनाह कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि जिस बाइक पर वे सवार थे, उसे खैरा थाना क्षेत्र से चुराया गया था। पूछताछ में उन्होंने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वे केवल बाइक चुराते ही नहीं थे, बल्कि पकड़े जाने के डर से उनके पुर्जों को काटकर कबाड़ी वालों को बेच देते थे। पकड़े गए तीनों आरोपियों—रवि कुमार (वर्नपुरा, खैरा), शशि कुमार (छित्रोली, खैरा), और महेश कुमार महतो (गोविन्दपुर, खैरा) की निशानदेही पर नगरा, खैरा और जलालपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से विभिन्न कबाड़ी दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।
इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने खैरा और जलालपुर थाना क्षेत्रों से चोरी की मोटरसाइकिलों के चेसिस, कटे हुए पुर्जे और अन्य सामग्रियां बरामद कीं। साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले 2 कबाड़ी दुकानदारों, जिनमें मो० अफताब (मानपुर, खैरा) और मो० मुस्तफा आलम (विशुनपूरा महावीर चौक, जलालपुर) शामिल हैं, को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में नगरा थाना में कांड संख्या-95/26 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सराहनीय और जांबाज कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में नगरा, खैरा और जलालपुर के थानाध्यक्षों समेत थानों के अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे।
