टीबी मुक्त भारत अभियान में उत्कृष्ट योगदान के लिए सारण की बेटी डॉ. अंजू सिंह सम्मानित
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: यक्ष्मा (टीबी) उन्मूलन अभियान के तहत समाजसेवा और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सारण की बेटी एवं उत्तर प्रदेश के सिंगरामऊ राजघराने की बहू ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति की संस्थापिका सचिव डॉ. अंजू सिंह को राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया है। बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्हें टीबी मुक्त भारत अभियान में उत्कृष्ट सहयोग और समर्पण के लिए ‘निक्षय मित्र’ के रूप में सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी (यक्ष्मा उन्मूलन अभियान) डॉ. बाल कृष्ण मिश्रा द्वारा जारी आमंत्रण पत्र के तहत डॉ. अंजू सिंह को पटना स्थित पुरानी सचिवालय के अधिवेशन भवन सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में बुलाया गया था। बिहार के महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन एवं बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने संयुक्त रूप से उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर टीबी मरीजों के लिए उनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं मानवीय कार्यों की विशेष सराहना की गई।
डॉ. अंजू सिंह वर्षों से स्वास्थ्य जागरूकता और टीबी मरीजों की सहायता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ‘निक्षय मित्र’ पहल की शुरुआत 9 सितंबर 2022 को की गई थी। इसके बाद से उन्होंने कई टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके पोषण, देखभाल और उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सारण जिले के छपरा सदर प्रखंड, शहरी क्षेत्र तथा एकमा प्रखंड में संस्था द्वारा टीबी मरीजों को नियमित रूप से पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार और उपचार की सफलता दर बढ़ाने में मदद मिली है।
संस्था केवल बिहार ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के जौनपुर सहित अन्य क्षेत्रों में भी टीबी उन्मूलन अभियान को गति देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। डॉ. अंजू सिंह ने सम्मान मिलने के बाद कहा कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि समाजसेवा और जनसहयोग की जीत है। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा जब समाज का हर वर्ग इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएगा।
डॉ. अंजू सिंह को सम्मानित किए जाने पर सारण जिले के जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रत्नेश्वर प्रसाद सिंह, डीपीसी हिमांशु शेखर, अवकाश प्राप्त चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरेंद्र प्रसाद सिन्हा, समाजसेविका डॉ. अल्का सिंह, पत्रकार धर्मेंद्र रस्तोगी, मणि शाही, प्रीति शाही सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

