गीता पाठशाला मौना पकड़ी में ब्रह्म भोज का आयोजन, बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: शहर के मौना पकड़ी मोहल्ला स्थित गीता पाठशाला की संचालिका माता बीके धर्मशीला द्वारा गुरुवार को श्रद्धा एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच ब्रह्म भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाई-बहनों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया तथा आध्यात्मिक संगति का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक मूल्यों, सदाचार एवं मानव कल्याण से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए गए। अपने संबोधन में बीके ब्रह्मदेव भाई ने कहा कि वर्तमान समय में नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों के क्षरण के कारण समाज में कई प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने लोगों से आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच और ईश्वरीय मार्गदर्शन को अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता ही मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करती है तथा समाज में शांति, प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाती है। कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह श्रद्धा, शांति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर बीके दिवाकर भाई, बीके पप्पू भाई, बीके ब्रह्मदेव भाई, बीके मुरारी भाई सहित कई अन्य भाई-बहन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

