दिव्यांग बच्चों के बीच ट्राई साइकिल व अध्ययन सामग्री का वितरण
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दरौंदा प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय परिसर स्थित बीआरसी में गुरुवार को समावेशी शिक्षा परियोजना के तहत आयोजित विशेष शिविर में 50 से अधिक दिव्यांग बच्चों के बीच ट्राई साइकिल, स्कूल बैग एवं पढ़ाई की सामग्री का वितरण किया गया। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सिम्पी कुमारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सौरभ सुमन ने संयुक्त रूप से दिव्यांग बच्चों को ट्राई साइकिल प्रदान की। अधिकारियों ने कहा कि बिहार शिक्षा परियोजना के माध्यम से समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है, ताकि दिव्यांग बच्चे आसानी से विद्यालय पहुंचकर शिक्षा प्राप्त कर सकें।
बीईओ सौरभ सुमन ने बताया कि आयोजित शिविर में दरौंदा एवं महाराजगंज प्रखंड के दिव्यांग बच्चे शामिल हुए थे। वहीं बीडीओ सिम्पी कुमारी ने कहा कि कई बच्चे दिव्यांगता के कारण समय पर विद्यालय नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे बच्चों को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराकर उन्हें नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बीआरपी, शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित अरविंद कुमार सिंह यादव, देवांशु कुमार गौतम एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

