वाहन जांच में चोरी की बाइक के साथ युवक गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप वाहन जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान निरंजन कुमार, पिता मेघा मांझी, निवासी इशुपुर थाना-दिघवारा, जिला-सारण के रूप में हुई है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर अचानक बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवक बाइक से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने उक्त मोटरसाइकिल दियारा क्षेत्र से कम कीमत पर खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त करते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में दिघवारा थाना कांड संख्या-239/26, दिनांक 10 जून 2026 के तहत धारा 302(2)/317(2) बीएनएस के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी हुई है।
Dighwara Police, Saran Police, Stolen Motorcycle Recovery, Dighwara News, Saran Crime News, Vehicle Checking Campaign, Bihar Police Action

