पद्मा एकादशी पर राजगीर में तृतीय शाही स्नान, श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
सिवान/नालंदा (बिहार): पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर ज्येष्ठ मास कृष्ण पक्ष की पद्मा एकादशी के दिन ऐतिहासिक तीर्थ राजगीर धाम में तृतीय शाही स्नान श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। ब्रह्मकुंड की पवित्र गर्म जलधाराओं में पूज्य संत-महंतों के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। पूरे राजगीर क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और “हर-हर महादेव” के जयघोष से आध्यात्मिक माहौल बना रहा।
इस दिव्य आयोजन का मुख्य आकर्षण ब्रह्मर्षि साहेब बाबा धाम के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर देवेंद्र दास जी महाराज रहे। उन्होंने संतों और श्रद्धालुओं के साथ ब्रह्मकुंड में शाही स्नान कर विश्व शांति, लोकमंगल और मानव कल्याण की मंगलकामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजगीर भगवान बुद्ध, भगवान महावीर और वैदिक ऋषियों की तपस्थली रही है तथा पुरुषोत्तम मास में यहां स्नान करना आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का महापर्व माना जाता है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति का मूल संदेश “सर्वे भवन्तु सुखिनः” है और युवाओं को ऐसे धार्मिक आयोजनों से जुड़कर अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से प्रेरणा लेनी चाहिए।
ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का ब्रह्मकुंड पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह चार बजे से ही पूरा क्षेत्र “हर-हर गंगे” के उद्घोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, चिकित्सा एवं भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने संत-महंतों का आशीर्वाद प्राप्त किया और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार पुरुषोत्तम मास में राजगीर के ब्रह्मकुंड में स्नान करने से समस्त पापों का नाश होता है तथा मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसी आस्था और विश्वास के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
Rajgir News, Padma Ekadashi, Shahi Snan Rajgir, Brahmakund Rajgir, Purushottam Maas, Nalanda News, Devendra Das Maharaj, Religious News Bihar

