पति के लिए बदला IPS कैडर, पटना की सिटी एसपी दीक्षा ने बिहार को कहा अलविदा
पटना (बिहार): पटना की सिटी एसपी (सेंट्रल) दीक्षा यादव अब बिहार कैडर छोड़कर एजीएमयूटी कैडर में अपनी सेवाएं देंगी। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने उनके कैडर परिवर्तन के अनुरोध को मंजूरी दे दी है। इसके बाद बिहार गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने भी अधिसूचना जारी कर उनकी सेवाएं एजीएमयूटी कैडर को सौंप दी हैं। दीक्षा यादव 2021 बैच की भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं और उन्होंने विवाह के बाद अपने पति के निकट रहने के उद्देश्य से कैडर परिवर्तन का आवेदन किया था।
जानकारी के अनुसार दीक्षा यादव की शादी द्वारका गढ़ी से हुई है, जो 2022 बैच के एजीएमयूटी कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। द्वारका गढ़ी मूल रूप से जम्मू के रहने वाले हैं। शादी के बाद पति-पत्नी एक ही कैडर में सेवाएं दे सकें, इसके लिए दीक्षा यादव ने बिहार से एजीएमयूटी कैडर में स्थानांतरण की इच्छा जताई थी, जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी।
दीक्षा यादव की बिहार में पहली पोस्टिंग सीतामढ़ी में एसएचओ के रूप में हुई थी। इसके बाद उनका तबादला पटना में हुआ, जहां उन्होंने एएसपी के रूप में कार्य किया और बाद में उन्हें पटना सेंट्रल की सिटी एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई चर्चित आपराधिक मामलों का सफल खुलासा कर पुलिस विभाग में अलग पहचान बनाई। पिछले वर्ष चर्चित गोपाल खेमका हत्याकांड की जांच भी उनके नेतृत्व में हुई थी, जिसकी काफी चर्चा रही थी।
पटना में अपने कार्यकाल के दौरान दीक्षा यादव की छवि एक तेज-तर्रार और सक्रिय पुलिस अधिकारी की रही। अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील मामलों की जांच को लेकर उनके कार्यों की सराहना होती रही। अब उनके बिहार छोड़ने की खबर से पुलिस महकमे और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

