सारण: वृद्ध महिला की पीट-पीटकर हत्या, बिस्तर पर छुटे मोबाइल लेने लौटे आरोपी को ग्रामीणों ने दबोचा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के सितलपुर गांव में बीती रात घर के बाहर सो रही 80 वर्षीय वृद्ध महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सितलपुर निवासी रामजन्म पंडित की पत्नी रुक्मीना देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार वृद्ध महिला रात में अपने घर के बाहर सो रही थीं। इसी दौरान कथित रूप से जेवर चोरी की नीयत से पहुंचे एक शराबी युवक ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया, लेकिन जल्दबाजी में अपना मोबाइल मृतका के बिस्तर पर ही छोड़ गया।
बताया जाता है कि कुछ देर बाद आरोपी मोबाइल लेने दोबारा घटनास्थल पर पहुंचा। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि जांच फॉरेंसिक टीम भी पहुंच चुकी है।
मृतका की पुत्रवधू दुर्गावती देवी ने पुलिस को घटना की विस्तृत जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आरोपी नहीं पकड़ा जाता तो घटना का खुलासा करना मुश्किल हो सकता था। वहीं पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के वास्तविक कारणों और अन्य संभावित पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
SEO Keywords: Daudpur News, Sitalpur Murder Case, Saran Crime News, Elderly Woman Murder, Manjhi News, Daudpur Police, Bihar Crime News

