ऑपरेशन ईगल क्लॉ के तहत बड़ी कार्रवाई, 1.5 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: नरसिंहपुर जिले के स्टेशनगंज थाना पुलिस ने “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1.5 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान जैतपुर क्षेत्र के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से करीब 1.5 किलो गांजा बरामद हुआ। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमलेश उर्फ कम्मू तिवारी, निवासी ग्राम भैंसा, चौकी सिंहपुर, थाना स्टेशनगंज, जिला नरसिंहपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 एवं 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत नशा कारोबार से जुड़े तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

