दाखिल-खारिज के नाम पर साइबर ठगी, खुद को राजस्व कर्मचारी बताकर उड़ाए 6290 रुपये
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी थाना क्षेत्र में जमीन का रसीद कटाने एवं दाखिल-खारिज कराने के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाज ने खुद को राजस्व कर्मचारी बताकर एक व्यक्ति से ऑनलाइन 6290 रुपये की ठगी कर ली। मामले को लेकर पीड़ित ने माँझी थाना में ऑनलाइन आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार माँझी थाना क्षेत्र के महम्मदपुर पंचायत अंतर्गत ज्ञानी छपरा गांव निवासी रामानुज कुमार सिंह ने अपने आवेदन में बताया है कि पंचायत के राजस्व कर्मचारी अमरेन्द्र भारती की सलाह पर उन्होंने सिवान के चैनपुर स्थित एक साइबर सेंटर से अपनी जमीन के दाखिल-खारिज के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। गुरुवार की सुबह उन्हें जानकारी दी गई कि उनका आवेदन खारिज हो गया है।
पीड़ित के अनुसार करीब एक घंटे बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को सुनील कुमार नामक राजस्व कर्मचारी बताया और दो अलग-अलग जमीन का दाखिल-खारिज कराने का भरोसा देकर पहले 1980 रुपये तथा बाद में 4310 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। इस तरह कुल 6290 रुपये की ठगी कर ली गई। रुपये भेजने के बाद जब पीड़ित को संदेह हुआ तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लगातार सामने आ रहे साइबर ठगी के मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन की ओर से भी लोगों से सतर्क रहने और किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन भुगतान नहीं करने की अपील की जा रही है।
इस संबंध में पूछे जाने पर अंचलाधिकारी सौरभ अभिषेक ने बताया कि कई लोगों ने फोन कर दाखिल-खारिज के नाम पर ऑनलाइन ठगी की शिकायत दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही मामले का उद्भेदन कर दोषी ठग को गिरफ्तार करेगी तथा पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

