दो डीसीएम ट्रकों से लगभग 10 हजार लीटर शराब बरामद, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान “नशा मुक्त सारण” के तहत मकेर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में दो डीसीएम ट्रकों से कुल 9616.845 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए दो अंतर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देशन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 को मकेर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक छह चक्का डीसीएम ट्रक में भारी मात्रा में विदेशी शराब लोड कर रेवा घाट के रास्ते मुजफ्फरपुर बाईपास की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। जांच के दौरान संदिग्ध डीसीएम ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 6242.61 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया।
इसी दौरान पुलिस को एक और सूचना मिली कि इसी प्रकार का दूसरा डीसीएम ट्रक भी भारी मात्रा में शराब लेकर मकेर थाना क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर थाना गेट के पास पुनः वाहन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान दूसरे डीसीएम ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 3374.235 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई में भी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में मकेर थाना कांड संख्या 161/26 एवं 162/26 दर्ज करते हुए कुल 9616.845 लीटर विदेशी शराब, दो डीसीएम ट्रक, तीन मोबाइल फोन तथा दो फास्टैग जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुजरात निवासी मनोज छाजू राम राजपूत तथा हरियाणा निवासी हरीश कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर शराब तस्करी नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। इस कार्रवाई में मद्यनिषेध टीम बिहार, पटना का भी सहयोग प्राप्त हुआ। मकेर थाना पुलिस और अन्य पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने इस अभियान को सफल बनाया।
Maker Police, Saran Police, Foreign Liquor Seized, Bihar Liquor Smuggling, DCM Truck Seized, Nasha Mukt Saran, Liquor Mafia Bihar, Saran News, Bihar Crime News, Illegal Liquor

