नकली नोट का बंडल दिखाकर ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, तीन शातिर चढ़े पुलिस के हत्थे
गोपालगंज (बिहार): महम्मदपुर थाना पुलिस ने नकली नोट का बंडल दिखाकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन तथा दो हजार रुपये मूल्य के नकली नोट जैसे तैयार किए गए कागज के बंडल बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोपालगंज के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार 1 जून 2026 को महम्मदपुर थाना पुलिस एनएच-27 स्थित चंदन पेट्रोल पंप के समीप वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवक डुमरिया पुल की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस जांच देखकर तीनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपनी पहचान पवन कुमार सहनी, उमेश साह तथा नंदन सहनी उर्फ बाबूजी उर्फ बुढ़ा के रूप में बताई। तीनों पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र के चांदपरसा गांव के निवासी हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से ऐसे बंडल बरामद किए, जिनके ऊपर और नीचे 500-500 रुपये के असली नोट लगाए गए थे, जबकि बीच में केवल सादा कागज रखा गया था। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे बैंक से पैसे निकालकर लौटने वाले लोगों को अधिक रकम देने का झांसा देकर यह नकली बंडल थमा देते थे और ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।
महम्मदपुर थाना में कांड संख्या 196/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
बरामद सामग्री
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से दो हजार रुपये, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
#Gopalganj #BiharNews #FraudGang #FakeCurrency #PoliceAction #CrimeNews #Mahammadpur #BiharPolice #BreakingNews

