सारण: मेले में रंगदारी नहीं देने पर युवक की हत्या, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र के बेरुई गांव में यज्ञ मेले के दौरान झूला संचालन को लेकर रंगदारी मांगने के विवाद में हुई हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था। पुलिस शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 27 मई 2026 को ग्राम बेरुई में आयोजित यज्ञ मेले के दौरान चार लोगों द्वारा पिम्पल कुमार सिंह से झूला चलाने के एवज में रंगदारी की मांग की जा रही थी। रंगदारी नहीं देने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने पिम्पल कुमार सिंह पर रॉड एवं फरसा से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल बनियापुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 29 मई 2026 को उनकी मौत हो गई।
मामले में प्राप्त लिखित आवेदन के आधार पर बनियापुर थाना कांड संख्या-459/26 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में साजन कुमार सिंह, आनंद कुमार सिंह तथा प्रीतम कुमार शामिल हैं। तीनों बनियापुर थाना क्षेत्र के बेरुई गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा अग्रेतर विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में बनियापुर थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
#Saran #Baniyapur #CrimeNews #BiharPolice #MurderCase #BreakingNews #BiharNews #PoliceAction

