सारण: कुएं में मिली अज्ञात बाइक से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के दाऊदपुर थाना क्षेत्र के बारवा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के एक कुएं में अज्ञात मोटरसाइकिल मिलने की सूचना सामने आई। ग्रामीणों ने कुएं में बाइक देख तुरंत इसकी सूचना दाऊदपुर थाना प्रभारी को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर बाइक को कुएं से बाहर निकलवाया।
बताया जा रहा है कि गांव के लोगों की नजर अचानक कुएं में पड़ी मोटरसाइकिल पर गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। लोगों के बीच इस बात को लेकर उत्सुकता बनी रही कि आखिर बाइक कुएं में कैसे पहुंची और इसे किसने फेंका।
सूचना मिलने के बाद दाऊदपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। ग्रामीणों एवं चौकीदारों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद मोटरसाइकिल को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस बाइक को जब्त कर थाने ले गई।
पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बाइक किसकी है और किन परिस्थितियों में उसे कुएं में फेंका गया, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। मौके पर सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
#Saran #Daudpur #BiharNews #BreakingNews #PoliceInvestigation #BikeRecovered #CrimeNews #ViralNews

