बांका में निगरानी की बड़ी कार्रवाई
बिहार: 8,500 रुपये रिश्वत लेते सर्वे अमीन रंगेहाथ गिरफ्तार
पटना/बांका (बिहार): निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बांका जिले के चांदन अंचल कार्यालय में पदस्थापित सर्वे अमीन आदित्य कुमार को 8,500 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को थाना चांदन क्षेत्र स्थित उसके किराये के आवास से गिरफ्तार किया गया।
निगरानी थाना कांड संख्या 066/26 के अनुसार परिवादी दिनेश मंडल ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी जमीन के सर्वे के दौरान सर्वे अमीन आदित्य कुमार द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि रिश्वत नहीं देने पर जमीन से संबंधित कागजात एवं पर्चा में नाम, जाति, चौहद्दी, रकवा और खेसरा में जानबूझकर त्रुटियां दर्ज कर दी गईं तथा इन अशुद्धियों को सुधारने के एवज में पैसे मांगे जा रहे थे।
ब्यूरो द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद निगरानी थाना में मामला दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक मो. वसीम फिरोज के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।
टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी सर्वे अमीन आदित्य कुमार को 8,500 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। निगरानी ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के उपरांत आरोपी को माननीय विशेष न्यायालय निगरानी, भागलपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
#BankaNews #VigilanceBureau #BriberyCase #CorruptionFreeBihar #BiharNews #SurveyAmin #Chandan #BiharGovernment #BreakingNews #StopCorruption

