कोलकाता में वोट बैंक की राजनीति पर छात्रों ने रखे बेबाक विचार
कोलकाता में ‘वोट बैंक की राजनीति और देश का भविष्य’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित
कोलकाता (पश्चिम बंगाल): अंतरराष्ट्रीय संस्था “रचनाकार : एक साहित्यिक एवं सांस्कृतिक क्रांति” की ओर से रविवार को भाषण प्रतियोगिता श्रृंखला की दूसरी कड़ी का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “वोट बैंक की राजनीति और देश का विकास” रखा गया, जिस पर कोलकाता के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का संयोजन संस्था के सदस्य एवं शिक्षक विनोद यादव द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने लोकतंत्र, विकास, सामाजिक संतुलन और राजनीतिक जागरूकता जैसे विषयों पर प्रभावशाली भाषण देकर निर्णायकों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में रचनाकार संस्था के संस्थापक सभापति सुरेश चौधरी, अध्यक्ष रचना सरन, मीडिया प्रभारी सुरेंद्र सिंह, डॉ. ऊषा पाण्डेय ‘शुभांगी’, पूर्णिमा जायसवाल, राधा गुप्ता, पत्रकार एवं समाजसेवक सुशील कुमार पांडे तथा आकाश गुप्ता शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र सिंह ने किया।
प्रतियोगिता में बाबासाहेब अंबेडकर एजुकेशन यूनिवर्सिटी के प्रभाकर कुमार साव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं एलीट बी.एड. कॉलेज की स्वीटी कुमारी महतो द्वितीय तथा हिंदी विश्वविद्यालय की सुहानी शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा चाँदनी झा, निधि कुमारी सिंह, भूमि श्रीवास्तव, अनुराधा कुमारी भगत और प्रिया पांडेय ‘रोशनी’ को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पत्रकार एवं योगगुरु विनय जायसवाल की उपस्थिति भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। स्वागत भाषण एवं धन्यवाद ज्ञापन संस्था की अध्यक्ष रचना सरन ने किया। इस अवसर पर सुरेश चौधरी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी विषय को केवल रटने के बजाय उसे समझना और उसके मूल भाव को आत्मसात करना अधिक आवश्यक है।
निर्णायक मंडल के सदस्यों ने भी प्रतिभागियों को भाषण कला से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद उठाया। यह प्रतियोगिता स्योना एक्सपीरियंस कैफे, कोलकाता में आयोजित की गई।

