छपरा-सिवान एनएच पर बड़ा हादसा: मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 13 घायल, 10 की हालत गंभीर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा-सिवान मुख्य मार्ग स्थित एनएच-531 पर मंगलवार की अहले सुबह बेलदारी लाइन होटल के समीप मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार पिकअप का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कुल 13 मजदूर घायल हो गए, जिनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 10 मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार सभी घायल रसूलपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं और दिघवारा से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-531 पर तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
#Chapra #Siwan #NH531 #RoadAccident #SaranNews #BiharNews #Ekma #AccidentNews #BreakingNews #Dial112

