मांझी में उत्तर बिहार के पहले 2.9 मेगावाट सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन, हरित ऊर्जा उत्पादन की नई शुरुआत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: नगर पंचायत मांझी के उत्तर टोला में प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत स्थापित उत्तर बिहार के पहले 2.9 मेगावाट क्षमता वाले सोलर पावर प्लांट का सोमवार को भव्य उद्घाटन किया गया। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के पदाधिकारी राजीव कुमार सिंह एवं राकेश कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ किया। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को उत्तर बिहार में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा उत्पादन की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए हैवल्स के अधिकारी नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत स्थापित यह उत्तर बिहार का पहला 2.9 मेगावाट ग्रिड-कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट है, जो व्यावसायिक स्तर पर बिजली उत्पादन कर राज्य के विद्युत ग्रिड को आपूर्ति करेगा। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की सबसे सुरक्षित, टिकाऊ और भरोसेमंद ऊर्जा है तथा इस तरह की परियोजनाएं देश को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का निर्माण एवं तकनीकी सहयोग हैवल्स कंपनी द्वारा प्रदान किया गया है।
कंपनी प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि इस संयंत्र से प्रतिदिन पर्यावरण-अनुकूल बिजली का उत्पादन होगा, जिससे बिहार में हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होगी। साथ ही यह परियोजना कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने में भी सहायक साबित होगी। उद्घाटन के बाद अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों ने विक्ट्री साइन दिखाकर खुशी जाहिर की।
समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास का नया अध्याय बताया। वक्ताओं ने कहा कि सौर ऊर्जा न केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं सतत ऊर्जा व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम भी है। स्थानीय लोगों ने भी खुशी जताते हुए कहा कि इस परियोजना से मांझी और सारण जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी तथा विकास की नई संभावनाओं को बल मिलेगा।
उद्घाटन समारोह में सोलर पावर प्लांट के संचालक विकास सिंह, मनीष कुमार सिंह, सौरभ राय, अभिनव कुमार, नित्यानंद कुमार, जेई मांझी, विद्युत कार्यपालक अभियंता गुफरान अहमद, सहायक विद्युत अभियंता नीरज कुमार, हरिकृष्ण, मुन्ना सिंह, संजय सिंह, मिथलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

