50 हजार रुपये घुस लेते रंगेहाथ पकड़े गए हेडमास्टर साहब, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई
पटना (बिहार): बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (वीआईबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना जिले के सम्पतचक प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, चैनपुर के प्रधानाध्यापक कुणाल प्रियदर्शी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई मंगलवार को निगरानी थाना कांड संख्या-076/26 के तहत की गई।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, गौरीचक थाना क्षेत्र के गवसपुर निवासी अरुण कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रधानाध्यापक वर्ष 2026 की वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में सफल 152 विद्यार्थियों के अंक प्रमाण पत्र एवं सीएलसी जारी करने के एवज में प्रति छात्र 400 रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक विन्ध्याचल प्रसाद के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने जाल बिछाकर प्रधानाध्यापक कुणाल प्रियदर्शी को उनके विद्यालय स्थित कार्यालय कक्ष में 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी ब्यूरो ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई और विस्तृत अनुसंधान जारी है।
Patna Headmaster Bribe Case, Kunal Priyadarshi Arrested, Vigilance Bureau Bihar, Bihar Corruption News, Sampatchak School, रिश्वत लेते गिरफ्तार हेडमास्टर, पटना समाचार, निगरानी ब्यूरो कार्रवाई

