एकमा में उच्च शिक्षा को मिली नई उड़ान, गुरुकुल मैनेजमेंट कॉलेज का भव्य शुभारंभ
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: छपरा–सिवान राष्ट्रीय राजमार्ग-531 के किनारे स्थित गुरुकुल पब्लिक स्कूल परिसर में शनिवार को भव्य समारोह के बीच गुरुकुल मैनेजमेंट कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया गया। कॉलेज की स्थापना को एकमा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अब छात्रों को बीबीए, बीसीए सहित अन्य रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुंवर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र स्वामी, पटना एम्स के कैंसर विभागाध्यक्ष डॉ. जगजीत पांडेय, पूर्व प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश सिंह, जन सुराज नेता ब्रजेंद्र कुमार सिंह उर्फ मुन्ना भवानी, शिक्षक नेता समरेंद्र बहादुर सिंह तथा बंशीधर तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद गुरुकुल पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व प्रधानाध्यापक रामनरेश सिंह ने किया जबकि अध्यक्षता माकपा नेता डॉ. अरुण कुमार ने की।
मुख्य अतिथि डॉ. जगजीत पांडेय ने कहा कि एकमा जैसे ग्रामीण क्षेत्र में मैनेजमेंट कॉलेज की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर बीबीए और बीसीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम उपलब्ध होने से विद्यार्थियों का समय और आर्थिक संसाधन दोनों बचेंगे। उन्होंने सरकार की स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि अब आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र भी बिना किसी बाधा के उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।
गुरुकुल ग्रुप छपरा के निदेशक डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को महानगरों जैसी गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि गुरुकुल परिसर में अब इंटरमीडिएट के बाद छात्र-छात्राएं बीबीए, बीसीए सहित अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई भी कर सकेंगे। वहीं कॉलेज के निदेशक डॉ. रतन सिंह ने कहा कि शिक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संस्थान का लक्ष्य है और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
समारोह के दौरान गुरुकुल ग्रुप के निदेशक डॉ. संजीव कुमार सिंह एवं डॉ. रतन सिंह ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने संस्थान की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।
कार्यक्रम को विधान पार्षद डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव, लोजपा (रा.) के वरिष्ठ नेता कामेश्वर कुमार सिंह मुन्ना, समाजवादी नेता ओमप्रकाश सिंह, शिक्षाविद प्रो. अभय कुमार सिंह, विनोद सिंह, रविंद्र सिंह, मंटू सिंह, लोकगायक एवं शिक्षक रमेश सजल, कमल कुमार सिंह, अर्जुन सिंह, धीरज कुमार तथा रामानंद सिंह उर्फ पप्पू सिंह सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावसायिक शिक्षा की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर पटना से आए निरीक्षक अनंत सिंह, रवि रंजन सिंह एवं अजय सिंह ने कॉलेज भवन, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं तथा अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की सराहना की। समारोह के दौरान मैनेजमेंट कॉलेज भवन का फीता काटकर उद्घाटन भी किया गया। डॉ. रतन सिंह ने घोषणा की कि संस्थान में जल्द ही पैरामेडिकल कॉलेज की भी शुरुआत की जाएगी, जिससे चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को नए अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम के समापन से पूर्व अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाजसेवियों ने परिसर में फलदार, औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अंत में डॉ. रतन सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई।
Gurukul Management College Ekma, BBA College Ekma, BCA College Saran, Higher Education Ekma, Gurukul Public School Ekma, Dr Ratan Singh, Dr Sanjeev Kumar Singh, Education News Saran, Professional Courses Bihar

