पहले ही प्रयास में बीपीएससी उत्तीर्ण कर अपूर्व आनंद बने डिस्ट्रिक्ट प्लानिंग ऑफिसर, गांव में हुआ भव्य स्वागत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के चंदऊपुर निवासी अपूर्व आनंद ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में प्रथम प्रयास में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अपूर्व आनंद का चयन डिस्ट्रिक्ट प्लानिंग ऑफिसर (असिस्टेंट डायरेक्टर) पद पर हुआ है। उन्होंने बीपीएससी परीक्षा में 591वीं रैंक हासिल की है।
अपूर्व आनंद, देवेंद्र सिंह के पुत्र हैं और दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। उनकी इस सफलता का श्रेय वे अपने माता-पिता एवं परिजनों को देते हैं, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
वहीं उनके बड़े भाई अंकुर आनंद गुड़गांव स्थित नेशनल ऑस्ट्रेलियन बैंक में डेटा साइंटिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। उनके पिता देवेंद्र सिंह वर्तमान में गांव में रहकर खेती-बाड़ी एवं गृहस्थी का संचालन करते हैं।
अपूर्व आनंद की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। शनिवार को उनके सम्मान में ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं मालाएं पहनाकर सम्मानित किया।
मांझी प्रखंड के प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि राजेश कुमार प्रसाद ने नोटों की माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर भाजपा नेता धर्मेंद्र सिंह, अशोक सिंह, स्वामी नाथ सिंह, पैक्स अध्यक्ष दिलीप सिंह, कन्हैया तिवारी, भूषण सिंह, शिक्षक ललन सिंह, हरेराम सिंह, हंस नाथ सिंह, धनंजय सिंह, शिव शंकर सिंह, कृष्णा सिंह, नवनीत सिंह, रामदेव सिंह, वार्ड सदस्य मीरा देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। राकेश सिंह उर्फ पिन्टु सिंह द्वारा सम्मानित करने का व्यवस्था किया गया था।
ग्रामीणों ने अपूर्व आनंद की सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति नया उत्साह पैदा हुआ है।

