बिहार कॉन्स्टेबल परीक्षा के लिए चलेगी दो विशेष ट्रेनें, अभ्यर्थियों को मिलेगी बड़ी राहत
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने दो परीक्षा विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसम्पर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, जिससे परीक्षार्थियों को अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार 03202 पटना-सीवान परीक्षा विशेष गाड़ी 27 जून 2026 को पटना से रात 11:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन पाटलिपुत्र एवं छपरा ग्रामीण स्टेशन होते हुए सीवान पहुंचेगी। ट्रेन का सीवान आगमन समय सुबह 3:00 बजे निर्धारित किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में 14 अनारक्षित श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
इसी प्रकार 03217 मधुबनी-सीवान परीक्षा विशेष गाड़ी 28 जून 2026 को मधुबनी से दोपहर 3:00 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन दरभंगा, लहेरियासराय, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर और छपरा होते हुए रात 10:00 बजे सीवान पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में 19 अनारक्षित श्रेणी के कोच लगाए जाने की व्यवस्था की गई है।
रेल प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करें तथा समय से स्टेशन पहुंचकर अपनी यात्रा सुनिश्चित करें। परीक्षा विशेष ट्रेनों के संचालन से हजारों अभ्यर्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

