बोलेरा से हो रही थी शराब तस्करी, 106 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
गोपालगंज (बिहार): गोपालगंज पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक गोपालगंज के निर्देशानुसार बरौली थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर बरौली थाना पुलिस द्वारा ग्राम मोहनपुर के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 106.92 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से सुरेन कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के नौतन थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलपुर निवासी स्वर्गीय भरत यादव के पुत्र सुरेन कुमार यादव के रूप में हुई है। साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गोपालगंज पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Gopalganj News, Bihar Police, Illegal Liquor Seized, Barouli Police, Foreign Liquor Recovery, Bihar Crime News, Liquor Smuggling Bihar, Gopalganj Police Action

