सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार और कारतूस के साथ तीन गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले के अमनौर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार, जिंदा कारतूस एवं मोटरसाइकिल के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देशन में जिले में विधि-व्यवस्था संधारण एवं अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दिनांक 13 जून 2026 को अमनौर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के शेखपुरा स्थित दुखन मोड़ के समीप तीन संदिग्ध व्यक्ति किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में जमा हुए हैं।
सूचना मिलते ही अमनौर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही तीनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस संबंध में अमनौर थाना कांड संख्या-245/26 दिनांक 13 जून 2026 को दर्ज कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान भेल्दी थाना क्षेत्र के पैगा सदर निवासी नागेन्द्र राय के पुत्र चंदन कुमार, विन्देश्वरी राय के पुत्र अभिषेक कुमार तथा वैधनाथपुर निवासी महेश प्रसाद के पुत्र शैलेन्द कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में अमनौर थानाध्यक्ष समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।
Amanour News, Saran Police, Illegal Weapon Recovery, Arms Act Case, Bihar Crime News, Chhapra Crime News, Amanour Police Action, Saran Breaking News

