मांझी के विकास को नई दिशा देने का संकल्प, विचार गोष्ठी में उठी समन्वय की आवाज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी नगर पंचायत के सर्वांगीण विकास और सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मांझी स्थित दलन सिंह उच्च विद्यालय परिसर में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति पर चर्चा करते हुए विकास को गति देने का सामूहिक संकल्प लिया।
गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि नगर पंचायत गठन के बाद बीते चार वर्षों में अपेक्षित विकास नहीं हो सका, जिससे आम लोगों में निराशा का माहौल है। वक्ताओं ने नगर पंचायत के प्रथम सत्र के अंतिम वर्ष में विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर देते हुए चयनित मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद, सशक्त समिति एवं कार्यपालक पदाधिकारी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि समन्वय और पारदर्शिता के माध्यम से ही मांझी को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
वक्ताओं ने मांझी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि प्राचीन काल में मांझी परगना के रूप में प्रसिद्ध था और इसकी सामाजिक पहचान पूरे क्षेत्र में अलग रही है। ऐसे में इस ऐतिहासिक नगर पंचायत के विकास के लिए सभी वर्गों को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय दलन सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। वहीं कार्यक्रम के समापन पर नगर पंचायत के वार्ड पार्षद स्वर्गीय राजा बाबू ठाकुर की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
गोष्ठी को उप मुख्य पार्षद नीतू सिंह, रिंकू गुप्ता, भागवत तिवारी, अशोक यादव, सुमित गिरी, चांद अहमद, रंजन शर्मा, सलाम मियां, डॉ. के डी यादव, नवरत्न प्रसाद, उद्धव यादव, नेहाल खान, सत्य प्रकाश सिंह, नागेन्द्र ठाकुर और संजीव श्रीवास्तव समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवी हसन ने की जबकि संचालन सोहैल अहमद ने किया।
Manjhi News, Saran News, Nagar Panchayat Manjhi, Development Meeting Manjhi, Bihar Local News, Manjhi Vichar Goshti, Saran Politics News, Bihar Development News

