देसी शराब के साथ महिला सहित दो गिरफ्तार, वारंटी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दरौंदा थाना पुलिस ने रविवार की सुबह गश्त एवं विशेष छापेमारी अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए देसी शराब के साथ एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर एक फरार वारंटी को भी पकड़कर जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में रामजी छपरा निवासी बिंदु देवी को 32 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं नंदा टोला निवासी लालबाबू राय को 25 लीटर देसी शराब के साथ पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
इसी दौरान पुलिस ने रामगढ़ा गांव में छापेमारी कर न्यायालय से वारंट जारी होने के बावजूद फरार चल रहे वारंटी शोभा सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी तलाश की जा रही थी।
दरौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ एवं आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में शराब तस्करों, फरार अभियुक्तों एवं वारंटियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
Darauda News, Siwan News, Desi Sharab Seized, Bihar Police Action, Darauda Police, Liquor Smuggling News, Siwan Crime News, Bihar Excise News

