ग्रीष्मकालीन जल सेवा का हुआ समापन, स्काउट-गाइड रोवर रेंजर हुए सम्मानित
सरूपगंज में आयोजित सम्मान समारोह में अतिथियों ने सेवा कार्यों की सराहना की
सिरोही/सरूपगंज (राजस्थान) संवाददाता रणजीत जीनगर: राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड स्थानीय संघ सरूपगंज, जिला मुख्यालय सिरोही एवं श्री गणेश युवा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन जल सेवा कार्य का समापन सम्मान समारोह राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सरूपगंज में संपन्न हुआ। समारोह में समाजसेवा, शिक्षा एवं जनहित कार्यों से जुड़े कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया तथा स्काउट-गाइड रोवर रेंजर द्वारा किए गए सेवा कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. संतोष कंवर बाईसा रामद्वारा आश्रम बाली रहीं। उन्होंने कहा कि “दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही जीवन की सबसे बड़ी सफलता है।” उन्होंने जल सेवा में जुटे स्काउट-गाइड, रोवर और रेंजर को राष्ट्रहित एवं मानव सेवा के कार्यों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह की अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार प्रजापत ने की। विशिष्ट अतिथियों में पंचायत समिति सदस्य पवन अग्रवाल, भुवनेश राजपुरोहित, कृषि क्रय विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष इंदर सिंह देवड़ा, सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी गणपत सिंह देवड़ा, सहायक जिला कमिश्नर रजनी यादव, आरपी मोहनलाल परमार, पूर्व प्रधान विनोद दवे, श्याम कंवर राठौड़ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। अतिथियों, भामाशाहों एवं पत्रकारों का तिलक लगाकर, स्कार्फ एवं केप पहनाकर स्वागत किया गया तथा मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान रेंजर द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया जबकि रोवर टीम ने घोड़ी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी।
स्थानीय संघ सचिव प्रताप राम प्रजापत ने ग्रीष्मकालीन जल सेवा कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि भीषण गर्मी में रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर यात्रियों एवं आमजन को निशुल्क शीतल जल उपलब्ध कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह सेवा कार्य केवल कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है।
पंचायत समिति सदस्य पवन अग्रवाल एवं भुवनेश राजपुरोहित ने स्काउट-गाइड गतिविधियों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं गणपत सिंह देवड़ा, इंदर सिंह देवड़ा, विनोद दवे तथा अन्य वक्ताओं ने सेवा भावना को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
समारोह में जल सेवा कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने वाले स्काउटर रणजीत जीनगर, रोवर जितेंद्र बासफोड, दीपक कलावंत, आकाश रिजवानी, तन्मय गर्ग, अविनाश बोहरा, प्रवीण बंजारा, कृष्णा जीनगर, दक्ष रिजवानी, मुकेश बंजारा सहित बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड, रोवर एवं रेंजर को मोमेंटो, प्रमाण पत्र, मेडल एवं फाइल कवर देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रताप राम प्रजापत एवं दृष्टि पांडे ने संयुक्त रूप से किया जबकि अंत में अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार प्रजापत ने सभी अतिथियों, भामाशाहों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
Sarupganj News, Summer Water Service, Scout Guide Rajasthan, Sirohi News, Jal Seva Samapan Samaroh, Rajasthan Bharat Scout Guide, Social Service News, Scout Ranger Program

