आरपीएफ जवान की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, चलती ट्रेन से गिर रही बुजुर्ग महिला की बचाई जान
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दुरौंधा रेलवे स्टेशन पर बुधवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान विवेक कुमार राय की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से गिर रही एक बुजुर्ग महिला को आरपीएफ जवान ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरपीएफ चौकी दुरौंधा के कांस्टेबल विवेक कुमार राय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात थे। वह प्लेटफॉर्म संख्या दो पर गश्त करते हुए आने-जाने वाली ट्रेनों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान गाड़ी संख्या 75204 सुबह 8:51 बजे दुरौंधा स्टेशन पहुंची और 8:58 बजे रवाना होने लगी।
ट्रेन खुलने के दौरान एक बुजुर्ग महिला चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह प्लेटफॉर्म पर घिसटने लगीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ कांस्टेबल विवेक कुमार राय तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे और महिला को सुरक्षित खींचकर बाहर निकाल लिया। उनकी तत्परता और बहादुरी से एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
घटना के बाद महिला एवं उनके परिजनों ने आरपीएफ जवान के प्रति आभार व्यक्त किया। स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने भी विवेक कुमार राय के साहसिक कार्य की सराहना की। बताया गया है कि पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है।
आरपीएफ अधिकारियों ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास नहीं करें, क्योंकि इससे गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

