अतिक्रमण हटाओ अभियान: बुलडोजर चलते ही मचा हड़कंप, नोंकझोंक और विरोध के बीच कई दुकान हुए ध्वस्त
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: राष्ट्रीय राजमार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से बुधवार को दारौंदा में एनएचएआई द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे ढाला से लेकर प्रखंड परिसर तक सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में एनएचएआई की टीम ने सड़क किनारे लगाए गए ठेले, अस्थायी काउंटर, फल दुकानों तथा मिठाई की दुकानों के बाहर निकाले गए टिनशेड, विज्ञापन बोर्ड और अन्य अवैध ढांचों को हटाया। कार्रवाई शुरू होते ही कई दुकानदारों ने नुकसान से बचने के लिए स्वयं अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि दारौंदा रेलवे ढाला से प्रखंड कार्यालय तक लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या बनी हुई थी। दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे सामान रखने और अस्थायी निर्माण करने से सड़क की चौड़ाई लगातार कम हो रही थी। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था तथा आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी।
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी जताया। अतिक्रमण हटाने पहुंचे अधिकारियों और स्थानीय दुकानदारों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ दुकानदार बुलडोजर के सामने आ गए और उस पर चढ़कर कार्रवाई रोकने का प्रयास करने लगे। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और अभियान को आगे बढ़ाया।
एनएचएआई अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई आवश्यक थी। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय राजमार्ग और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण नहीं करने तथा प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटने से सड़क पर वाहनों की आवाजाही आसान होगी और जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। वहीं प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
#Daraunda #SiwanNews #NHAI #EncroachmentDrive #BulldozerAction #TrafficManagement #BiharNews #RoadSafety #EncroachmentRemoval #BreakingNews

