खेत बचाओ अभियान: किसानों को मिली संतुलित उर्वरक उपयोग व प्राकृतिक खेती की जानकारी
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के इसुआपुर प्रखंड अंतर्गत मुरवा एराजी एवं मुरवा खास गांव में मंगलवार को आर.पी.सी.ए.यू. कृषि विज्ञान केन्द्र मांझी द्वारा "खेत बचाओ अभियान" के तहत एक दिवसीय कृषक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विज्ञान केन्द्र मांझी के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. संजय कुमार राय ने कहा कि खेतों की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के लिए संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, प्राकृतिक खेती तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन्होंने कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, भारत सरकार एवं बिहार सरकार की कृषि योजनाओं, समेकित पोषक तत्व प्रबंधन तथा हरी खाद के उपयोग और उसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उद्यान विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र चंदोला ने किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मिट्टी जांच की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि मिट्टी की नियमित जांच से फसलों की आवश्यकता के अनुसार पोषक तत्वों की पूर्ति की जा सकती है, जिससे उत्पादन लागत कम होने के साथ उपज में वृद्धि होती है। उन्होंने लैंड लेजर लेवलर के माध्यम से खेतों के समतलीकरण के लाभों की भी जानकारी दी। वहीं पादप रोग विशेषज्ञ डॉ. जीर विनायक ने किसानों को "किसान सारथी" ऐप के उपयोग और उसके लाभों से अवगत कराया। उन्होंने धान की फसल में लगने वाले प्रमुख कीटों की पहचान एवं उनके प्रभावी प्रबंधन के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में मुरवा एराजी एवं मुरवा खास गांव के लगभग 80 महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया। जिनमें मुख्य रूप से जितेन्द्र साह, मदन राम, रामसागर, देवीलाल राम, कुसुम देवी, मिनता देवी, सच्चिदानंद पाण्डेय, रविरंजन कुमार सिंह, बलिराम सिंह, मिथिलेश सिंह, मुन्ना कुमार रजक एवं कांति कुंवर सहित कई किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में आत्मा इसुआपुर के प्रखंड तकनीकी प्रबंधक उत्पल कान्त, सहायक तकनीकी प्रबंधक पिंटू कुमार तथा कृषि विज्ञान केन्द्र मांझी के राकेश कुमार ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
#KhetBachaoAbhiyan #KrishiVigyanKendra #Manjhi #Isuapur #SaranNews #NaturalFarming #OrganicFarming #FarmersAwareness #BiharAgriculture #SoilHealth
