9 हजार रुपये रिश्वत लेते चौकीदार गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई
गया जी (बिहार): निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बेलागंज थाना क्षेत्र के पनारी पंचायत के चौकीदार मनीष कुमार को 9 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी बुधवार को बेलागंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर से की गई।
जानकारी के अनुसार परिवादी रविन्द्र यादव, निवासी पनारी, थाना बेलागंज, जिला गया ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके एवं उनके भाई के बीच दर्ज काउंटर केस में बेलागंज थाना कांड संख्या 689/23 से उनके बच्चों का नाम हटाने के एवज में आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
निगरानी ब्यूरो द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 070/26 दिनांक 09.06.2026 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक समीर चन्द्र झा के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।
बुधवार को कार्रवाई करते हुए धावादल ने चौकीदार मनीष कुमार को 9 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी बेलागंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर से की गई। निगरानी ब्यूरो की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।
#GayaNews #VigilanceBureau #BriberyCase #BiharNews #Corruption #Belaganj #PoliceAction #BreakingNews #BiharPolice #CrimeNews

