26 लीटर अवैध शराब के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: जिले के दारौंदा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सीपीडीएस टीम, आरपीएफ चौकी दारौंदा एवं उत्पाद विभाग सीवान की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 26 लीटर देशी शराब बरामद की गई है। इस कार्रवाई के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार रविवार को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक सीवान सुभाष चंद्र यादव के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीम द्वारा दारौंदा रेलवे स्टेशन पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12:15 बजे प्लेटफार्म संख्या-2 पर पहुंची 14006 आनंद विहार-सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस के एस-3 कोच के गेट के पास एक महिला संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी।
महिला सिपाही द्वारा उसके पिठू बैग एवं झोले की तलाशी लेने पर 200 एमएल की 130 बोतल बंटी बबली लाइम देशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 26 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7,150 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार महिला की पहचान चौहान किरण (36 वर्ष), पति हरेंद्र चौहान, निवासी खुरमाबाद, थाना मुफस्सिल, जिला सीवान के रूप में हुई है। बरामद शराब एवं अभियुक्ता को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग सीवान को सौंप दिया गया।
इस संबंध में उत्पाद विभाग द्वारा मुकदमा अपराध संख्या 469/26 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम की धारा 30(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
छापेमारी दल में सीपीडीएस टीम के उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, उत्पाद विभाग के उप निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, आरपीएफ चौकी दारौंदा के हेड कांस्टेबल संजय कुमार तिवारी, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, बलवीर सिंह यादव, महिला कांस्टेबल संजीता कुमारी तथा कांस्टेबल कुंदन राय शामिल थे।
#Daraunda #Siwan #LiquorSmuggling #RPF #BiharNews #RailwayStation #CrimeNews #BiharPolice #ExciseDepartment #LichchhaviExpress

