नगरपालिका चुनाव में पहली बार मल्टीपोस्ट ईवीएम का इस्तेमाल, छपरा पहुंची नई S3 मशीनें
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों के तहत सारण जिले को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नई S3 मल्टीपोस्ट ईवीएम उपलब्ध कराई गई है। शनिवार देर रात कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम छपरा पहुंची, जिसे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सुरक्षित रूप से वेयरहाउस में भंडारित किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने वेयरहाउस पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और मानक प्रोटोकॉल का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार ईसीआईएल द्वारा निर्मित 500 कंट्रोल यूनिट (CU) और 1500 बैलेट यूनिट (BU) सारण जिले को उपलब्ध कराई गई हैं। इन्हें औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बालक, छपरा सदर स्थित राज्य निर्वाचन आयोग के वेयरहाउस में दंडाधिकारी और पुलिस बल की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वेयरहाउस को सीलबंद कर दिया गया।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए सभी सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन किया जा रहा है। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने तैनात सुरक्षा बलों को पूरी जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया।
इस बार उत्क्रमित नगर परिषद सोनपुर के चुनाव सहित नगर निकाय और पंचायत चुनाव में इसी आधुनिक मल्टीपोस्ट ईवीएम का उपयोग किया जाएगा। खास बात यह है कि एक ही कंट्रोल यूनिट के जरिए विभिन्न पदों के लिए मतदान कराया जा सकेगा, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी। यह मशीन अधिकतम आठ पदों के चुनाव एक साथ कराने में सक्षम है।
नई S3 ईवीएम में सिक्योर्ड मेमोरी मॉड्यूल (SMM) और टोटलाइजर जैसी आधुनिक तकनीकें जोड़ी गई हैं, जिससे डेटा सुरक्षित रहेगा और मतगणना प्रक्रिया अधिक सटीक एवं तेज होगी। इससे वाहन, मानव बल और चुनावी खर्च में भी कमी आने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता विभागीय जांच शिव कुमार पंडित, सदर एसडीओ नितेश कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल, पंचायत राज पदाधिकारी शशि कुमार, एडीपीआरओ सुशेंद्र पाल सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
#Chapra #Saran #MunicipalElection #EVM #BiharElection #Sonpur #ElectionNews #BiharNews #DM #S3EVM

