पंचायत विकास योजना को लेकर दारौंदा में कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण आयोजित
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: सिवान जिले के दारौंदा प्रखंड कार्यालय सभागार में सोमवार को पंचायत विकास योजना को लेकर बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी कुमार कार्तिकेय ने की। प्रशिक्षण में पंचायत प्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के कर्मियों को पंचायत विकास योजनाओं के निर्माण, ऑनलाइन प्रबंधन और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक सूचनाओं को संबंधित पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपलोड करने का निर्देश दिया। पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के बेहतर संचालन, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी कुमार कार्तिकेय ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पंचायत विकास योजना विषय पर एक दिवसीय गैर-आवासीय कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों को योजनाओं के निर्माण, क्रियान्वयन और डिजिटल प्रबंधन से संबंधित तकनीकी एवं प्रशासनिक जानकारी उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी शिम्पी कुमारी, अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सौरभ सुमन, प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामवीर सिंह यादव, पंचायत सचिव श्रीराम प्रसाद यादव, जितेंद्र कुमार, प्रफुल्ल कुमार कर्ण, विकास कुमार, मुकेश कुमार सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया, उपमुखिया, लेखापाल-सह-आईटी सहायक, पंचायत कार्यपालक सहायक, डाटा इंट्री ऑपरेटर एवं प्रखंड स्तरीय विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। मुखिया निरंजन सिंह, मंसूर अंसारी और रामकृष्ण सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशिक्षण में भाग लिया।
Daraunda News, Panchayat Vikas Yojana, Siwan News, Bihar Panchayat Training, Panchayat Workshop, Rural Development Bihar, Panchayat Raj Department

