चलती पवन एक्सप्रेस से गिरा युवक, बाल-बाल बची जान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: “जाको राखे साइयाँ मार सके न कोय” कहावत उस समय चरितार्थ हो गई जब चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक ट्रेन के पहिये के बिल्कुल पास जा पहुंचा, लेकिन उसकी जान बच गई। घटना माँझी रेलवे हाल्ट पर उस समय हुई जब पवन एक्सप्रेस गुजर रही थी। हादसे को देखकर मौके पर मौजूद यात्रियों के होश उड़ गए।
बताया जाता है कि गाजीपुर जिले के सिधागर घाट निवासी स्वर्गीय शिवदास उपाध्याय का पुत्र मिथिलेश उपाध्याय रसड़ा से छपरा जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन के पायदान पर खड़े रहने के दौरान अचानक उसका हाथ हैंडल से छूट गया और वह नीचे गिर पड़ा। गिरते ही युवक ट्रेन के पहिये के समीप जा पहुंचा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पवन एक्सप्रेस के गुजरने के बाद स्टेशन संचालक लालबाबू के पुत्र मो. रेहान ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय पुलिस की सहायता से घायल युवक को उठाकर इलाज के लिए माँझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। युवक के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के समय युवक के साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। हादसे के बाद रेलवे हाल्ट पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही और लोग युवक के बच जाने को किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे थे।

