वायरल आपत्तिजनक वीडियो मामले में त्वरित कार्रवाई, एक अभियुक्त गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं के चित्र को फाड़कर जलाने एवं आपत्तिजनक टिप्पणी करने से संबंधित वायरल वीडियो मामले में सारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में दरियापुर थाना पुलिस द्वारा जांच कर कार्रवाई की गई।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 12 मई 2026 को सोशल मीडिया पर एक विवादित वीडियो वायरल होने की सूचना प्राप्त हुई थी। वीडियो में एक युवक द्वारा देवी-देवताओं के चित्र को फाड़कर जलाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
जांच एवं स्थानीय सत्यापन के दौरान वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान राहुल जाटव उर्फ राहुल राम, उम्र लगभग 18 वर्ष, पिता अर्जुन राम, निवासी अकबरपुर सीतलपुर, थाना दरियापुर, जिला सारण के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में दरियापुर थाना कांड संख्या 401/26 दिनांक 12.05.2026 के तहत धारा 298 एवं 299 बीएनएस तथा 66/66(ए) आईटी एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारीपूर्वक करें तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित नहीं करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

