शादी की सालगिरह पर बहू की हत्या, ससुराल पक्ष फरार, दहेज उत्पीड़न का आरोप
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: शादी की पहली सालगिरह के दिन एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद मायके वालों को सौंप दिया।
मृतका की पहचान मांझी थाना क्षेत्र के डुमरी के डेरा निवासी रामेश्वर यादव की पुत्री के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बीते 8 मई 2025 को उसकी शादी बनियापुर थाना क्षेत्र के चतुर्भुज छपरा निवासी मदन यादव के पुत्र नीरज कुमार यादव के साथ धूमधाम से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी में करीब चार लाख 60 हजार रुपये दहेज दिया गया था।
मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ माह बाद से ही ससुराल वाले अपाची बाइक की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि इसी विवाद के बीच उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव मायके वालों को सौंप दिया गया, जहां शादी की पहली वर्षगांठ के दिन ही परिजनों ने नम आंखों से अंतिम संस्कार किया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

