छपरा–सिवान रेलखंड पर ट्रेन से कटकर लापता युवक की मौत, मांझी के महुई गांव में पसरा मातम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा–सिवान रेलखंड पर ट्रेन से कटकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के गांव में मातम का माहौल कायम हो गया। मृत युवक की पहचान माँझी थाना क्षेत्र के महुई गांव निवासी श्री भगवान सिंह के पुत्र अरुण कुमार सिंह के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अरुण कुमार सिंह शुक्रवार की दोपहर अपने घर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे। परिजन उनकी काफी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन देर रात उनकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि छपरा–सिवान रेलखंड पर किसी ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हुई। घटना की सूचना मिलते ही छपरा जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही महुई गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार अरुण कुमार सिंह मिलनसार स्वभाव के युवक थे और उनकी अचानक हुई मौत से पूरे क्षेत्र में दुख का माहौल है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक के ट्रेन से कटने की घटना आत्महत्या, दुर्घटना अथवा अन्य किसी कारण से हुई, इसको लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। जीआरपी द्वारा सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

