एकमा सीएचसी में प्रसव के दौरान नवजात की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान एक नवजात शिशु की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा। परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एकमा प्रखंड क्षेत्र के लाकर छपरा ग्रामीण निवासी संजीव कुमार राठौर अपनी पत्नी कृतिका कुमारी को प्रसव के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर उचित इलाज और देखभाल नहीं मिलने के कारण नवजात शिशु की मौत हो गई।
नवजात की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं गुस्साए लोगों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। परिजनों का कहना था कि सरकारी अस्पताल में भरोसा कर मरीज को लाना उनकी सबसे बड़ी भूल साबित हुई।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं अस्पताल प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। अस्पताल प्रबंधक ने बताया कि वे छुट्टी पर हैं और उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।
फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

