सड़क किनारे गड्ढे में जा फंसा टेम्पो, चालक की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: सारण जिले के माँझी थाना क्षेत्र अंतर्गत महम्मदपुर मठिया गांव के समीप महम्मदपुर-झूखुरिया माई मुख्य मार्ग पर गुरुवार की शाम एक टेम्पो चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय मो. जाफर आलम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड के धनबाद के निवासी बताए जाते हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मो. जाफर आलम रोज की तरह रसूलपुर से यात्रियों को लेकर महम्मदपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान महम्मदपुर मठिया गांव के समीप अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत हो गए। चालक के नियंत्रण खोने के बाद टेम्पो सड़क किनारे गड्ढे में जा फंसा। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। टेम्पो में सवार कुछ यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। वहीं, सूचना पाकर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के रिश्तेदार अहमद राजा ने बताया कि जाफर आलम रसूलपुर स्थित अपने ससुराल में रहकर टेम्पो चलाते थे और इसी से परिवार का भरण-पोषण करते थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक का स्वभाव काफी मिलनसार था और इलाके में सभी उनसे परिचित थे।
सूचना मिलने के बाद माँझी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हालांकि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। बाद में परिजनों ने लिखित आवेदन देकर शव को अपने साथ घर ले जाने की अनुमति ली।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

